नन्हीं कली जो खिल न सकी

सोमवार, 18 मई 2009

बात उस समय की है जब मैं शायद छठी या सातवीं कक्षा में पढ़ता था, ठीक से याद भी नहीं शायद इसलिए क्योंकि उस बात को गुज़रे काफ़ी वक़्त हो चुका है या फ़िर मैंने उस घटना के सामने समय के आंकलन को प्राथमिकता देना उचित नहीं समझा। कुल मिलाकर बात काफी पुरानी है लेकिन आज भी जब याद करता हूँ तो आँखें नम हो उठती हैं। मन के भीतर क़ैद भावनाओं का एक सैलाब उमड़ पड़ता है। बात है ही कुछ ऐसी।

गर्मियों की छुट्टियों के दिन थे और हम सभी अपने गाँव गए हुए थे। हर साल का यही क्रम था कि गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही गाँव जाने की तैयारियां होने लगती थी। सारी गर्मियां वहीं पर बिताते थे। खूब मज़ा आता था गाँव के माहौल में। वो खेत-खलिहान, घर-आँगन, गाय-भैंस-भेड़-बकरी इत्यादि जानवर, सीधे-सादे भोले-भाले चेहरे मन मोह लेते थे। एक अलग ही खुशबू थी वहाँ की मिट्टी में, एक अनूठी ताज़गी थी वहाँ की हवाओं में, एक अलग ही ठंडक थी वहाँ के पानी में, एक जादू का सा सम्मोहन था वहाँ की बोली में, कुल मिलाकर वहाँ की बात ही कुछ अलग थी। हम सभी छोटे थे, सो सारा दिन खेलने-कूदने में निकल जाता था। मेरी छोटी बहन के साथ खेलने के लिए पड़ोस की एक लड़की आती थी। कोई ५-६ साल की रही होगी वो लड़की। उसकी और मेरी बहन की अच्छी मित्रता हो गयी थी। दोनों मिलकर कूड़ी-बाड़ी ("घर-घर" खेल का गढ़वाली नाम) खेलते थे।

इसी तरह हँसी-खुशी गर्मियों के दिन बीतते जा रहे थे कि तभी अचानक उस लड़की ने खेलने आना बंद कर दिया। पूछने पर पता चला कि लड़की की तबीयत खराब चल रही थी। हमने उसे देखने जाने की जिद्द की मगर घर के बुजुर्ग (दादा-दादी) हमें उस लड़की के घर नहीं जाने दे रहे थे। अपने अन्य मित्रों से पता किया तो उन्होंने बताया कि उस लड़की पर भूत चिपक गया है इसलिए बच्चों का उसके पास जाना मना है। खैर उस समय तो यह बात हमारी समझ से परे थी। यह भी पता चला कि तरह-तरह के अंधविश्वास, जादू-टोने, तंत्र-मंत्र इत्यादि अपनाए जा रहे थे, लड़की को ठीक करने के लिए। मेरे पापा को जब इस बात का पता चला तो वे तुंरत उसे देखने गए और उन्होंने वास्तविक स्तिथि स्पष्ट की। दरअसल वो लड़की हैजा से पीड़ित थी। उलटी-दस्त रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। पापा ने उसके घरवालों को उसे तत्काल अस्पताल ले जाने को कहा परन्तु किसी ने उनकी एक ना मानी। वे भी बिना उसके घरवालों की मर्जी के क्या कर सकते थे। ऐसा होते-होते दो दिन हो गए। परन्तु पापा ने हार ना मानी, वे लगातार उन्हें समझाते रहे तथा कई और लोगों को भी इस बारे में बताया।

इसी बीच गाँव के कई प्रबुद्ध लोगों ने इस बात पर खेद व्यक्त किया और स्वयं उनके घर जाकर उन्हें समझाया। लेकिन अब तक लड़की की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। वह सूखकर लगभग काँटा हो गयी थी। खैर वे मान गए और पापा ने तुंरत लड़की को गोद में उठाया और सभी को साथ लेकर अस्पताल की ओर चल पड़े। अब हमें इस डर से साथ में नहीं जाने दिया गया कि कहीं हम भी बीमार ना हो जाएं। लेकिन हाय री किस्मत, अभी सब गाँव की सीमा तक ही पहुंचे थे कि वह नन्हीं जान इस संसार से विदा हो गयी। अपने परिजनों की ऐसी अनदेखी से उसका जीवन के प्रति मोह भंग हो गया था, और साहस जवाब दे चुका था। केवल शरीर का पिंजरा शेष रह रह गया था, आत्मा का पंछी उड़ चुका था। देखते ही देखते सारा गाँव मातम में डूब गया। हम भी अपना एक साथी बिछड़ जाने से सकते में थे।

आज भी जब इस बात का ज़िक्र आता है, मेरे पापा के कानों में उसके वे शब्द "ए ताऊ! मितै बचा" (ताऊ जी, मुझे बचाओ) गूंजते हैं। बहुत ही कष्टदायक होता है किसी अपने का बिछड़ जाना। यह बात तब और भी दुखदायी होती है जब हम चाहकर भी कुछ नहीं कर पाते हैं उसे बचाने के लिए या फ़िर हमें करने ही नहीं दिया जाता। चूंकि उस वक़्त हम काफी छोटे थे और नासमझ भी, सो इस घटना (असल में दुर्घटना) के पीछे छिपी हकीक़त से अनजान थे। मगर अब जब भी यह बात याद आती है तो सोचता हूँ कि क्या वो लड़की अंधविश्वासों कि सूली पर चढ़ गयी थी या फ़िर उसे अपने लड़की होने की कीमत चुकानी पड़ी। क्यों नहीं उसे समय रहते अस्पताल ले जाया गया?? या फ़िर ले जाने की आवश्यकता ही नहीं महसूस की गयी। क्या कसूर था उस नन्हीं कली, उस मासूम जान का?? आख़िर क्यों उसके जीवन का मूल्य नहीं समझा गया?? ये सब सवाल आपके लिए भी छोडे जा रहा हूँ, एक बार सोचियेगा जरूर।

यह आलेख क्यों?
आदरणीया घुघूतीबासूती जी के ब्लॉग पर प्रकाशित आलेख बच्ची को भूल गए ! (इतना क्यों कुढ़ती हूँ ? भाग २) पढ़कर मुझे अनायास ही यह दुखद प्रसंग स्मरण हो आया. शायद यह आलेख पढ़कर किसी की तो आँखें खुलें, इसी भावना से ओत-प्रोत होकर लिखा यह आलेख।

शेष फ़िर!!!


12 टिप्पणियाँ
निर्मला कपिला ने कहा…

बहुत ही मार्मिक प्रसंग है ये सब यन्तर मन्तर अनपढता की वजह से है पता नहीं कितने लोग अँध विश्वास की भेंट चढ चुके हैं और कितने चढेंगे दुख की बात ये है कि उन्हें कौन सम्झाये आभार्

संगीता पुरी ने कहा…

ग्रामीण अंचलों में ऐसी घटनाएं घटती रहती है .. इसके मूल में अज्ञानता ही है .. जबतक शिक्षा का अच्‍छा प्रचार प्रसार नहीं होगा .. इस प्रकार की घटनाओं से निजात पाना आसान नहीं।

शेफाली पाण्डे ने कहा…

ऐसे अनगिनत उदाहरण है .....

श्यामल सुमन ने कहा…

अशिक्षा के कारण अंधविश्वास और अंधविश्वास के कारण कई दुखद घटनाएँ आज भी हो रहीं हैं। संवेदनशील कथ्य।

सादर
श्यामल सुमन
09955373288
www.manoramsuman.blogspot.com
shyamalsuman@gmail.com

ghughutibasuti ने कहा…

किसी बच्ची के साथ इतनी दुखद घटना नहीं घटनी चाहिए। आप सबके बालमन पर इसका कितना बुरा प्रभाव पड़ा होगा। कह नहीं सकती कि माता पिता की लापरवाही भी थी या केवल अंधविश्वास। वैसे पहले तो पहाड़ों में लड़कियों का उनके काम के कारण बहुत महत्व होता था। वे बोझ नहीं मानी जाती थीं । सो शायद लड़की होना कारण न रहा हो। परन्तु यह सच है कि जितनी कोशिश बेटे की जान बचाने में की जाती है बेटियों की बचाने में कम ही की जाती है।
घुघूती बासूती

नवनीत नीरव ने कहा…

desh ke gramin kshetron ki sthiti kamobesh aisi hi hai.aaye din aisi ghatnayein ghatee rahti hain.
vigat 60 varshon mein bahut sare kaam hue hain par bhi tak satosh janak star tak nahin pahunch paye hain.
Navnit Nirav

Alpana Verma ने कहा…

बहुत ही दुखद घटना थी यह.
अक्सर गाँवों में आज भी अंधविश्वासों के कारण कई जिंदगियाँ दांव पर लग जाती हैं.

ज्योति सिंह ने कहा…

jab tak aese andhkaar se bahar nahi aayenge ,tab tak zindagi ko dav pe lagate rahenge .lekin is jaal se bahar nikalana auro ke vash ki baat nahi jab tak ise khud na samajhe .

Urmi ने कहा…

आपने बिल्कुल सच्चाई का ज़िक्र किया जो आज भी हमारे देश के कई गाव में लोगों की ज़िन्दगी दाव पर लगी है और इसका समाधान कब निकलेगा क्या पता!

Daisy ने कहा…

Chocolate Day Gifts
Rose Day Gifts
Propose Day Gifts
Promise Day Gifts
Kiss Day Gifts
Hug Day Gifts
Teddy Day Gifts

Daisy ने कहा…

online gifts to India
Online Cakes to India

Daisy ने कहा…

Send Gifts to India from Hong Kong Online
Send Gifts to India from London Online

एक टिप्पणी भेजें

आपकी टिप्पणियाँ एवं विचार मेरी सोच को एक नया आयाम, एक नयी दिशा प्रदान करती हैं; इसलिए कृपया अपनी टिप्पणियाँ ज़रूर दें और मुझे अपने बहुमूल्य विचारों से अवगत होने का मौका दें. टिप्पणियाँ समीक्षात्मक हों तो और भी बेहतर.......


टिप्पणी प्रकाशन में कोई परेशानी है तो यहां क्लिक करें.......